वेनेजुएला के तेल पर अब ट्रंप का ‘कब्जा’? कोलंबिया से युद्ध की धमकी वापस, जानें क्या है अमेरिका का बड़ा गेम प्लान

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के तेल संसाधनों पर लंबे समय तक अमेरिकी नियंत्रण के संकेत दिए हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में उन्होंने वेनेजुएला के पुनर्निर्माण और कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो के साथ सुधरते रिश्तों पर खुलकर बात की।

  • ट्रंप का बड़ा दावा: वेनेजुएला के तेल पर अमेरिका की लंबी पकड़
  • तेल के बदले राहत मॉडल पर व्हाइट हाउस की रणनीति
  • कोलंबिया से तनाव के बाद ट्रंप का यू-टर्न
  • अमेरिकी तेल कंपनियों संग वेनेजुएला पर मंथन तेज

दुनियादारी (NFLSpice News): वेनेजुएला की सत्ता में बड़े उलटफेर के बाद अब वहां के भविष्य को लेकर वॉशिंगटन से एक बड़ी तस्वीर साफ होने लगी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका न केवल वेनेजुएला की निगरानी करेगा, बल्कि वहां के विशाल तेल भंडारों और राजस्व पर आने वाले कई वर्षों तक अपना नियंत्रण भी रखेगा। एक हालिया इंटरव्यू में ट्रंप ने संकेत दिए कि यह समय सीमा कुछ महीनों की नहीं बल्कि उससे कहीं ज्यादा लंबी हो सकती है।

ट्रंप का मानना है कि वेनेजुएला को फिर से खड़ा करने का यही एकमात्र ‘मुनाफे वाला’ तरीका है। उन्होंने कहा कि अमेरिका वहां से तेल लेगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें कम करने में मदद मिलेगी और बदले में वेनेजुएला को वह पैसा मिलेगा जिसकी उसे इस वक्त सबसे ज्यादा जरूरत है।

कोलंबिया के साथ बदला ट्रंप का मिजाज

पिछले कुछ दिनों से वेनेजुएला के पड़ोसी देश कोलंबिया और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर था। ट्रंप ने कोलंबियाई राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो को ‘बीमार आदमी’ तक कह दिया था और सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी थी। हालांकि अब सुर बदले हुए नजर आ रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक फोन पर बातचीत हुई जिसे ट्रंप ने सम्मानजनक बताया।

इस बातचीत के बाद ऐसा लग रहा है कि कोलंबिया पर मंडरा रहा सैन्य हमले का खतरा फिलहाल टल गया है। ट्रंप ने पेट्रो को वॉशिंगटन आने का न्योता भी दिया है जो दक्षिण अमेरिकी राजनीति में एक बड़े यू-टर्न की तरह देखा जा रहा है।

तेल कंपनियों के साथ व्हाइट हाउस में मंथन

वेनेजुएला की बदहाल अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए ट्रंप अब कॉर्पोरेट दिग्गजों का सहारा लेने की तैयारी में हैं। खबर है कि शुक्रवार को व्हाइट हाउस में एक्सॉन मोबिल, कोनोकोफिलिप्स और शेवरॉन जैसी दिग्गज तेल कंपनियों के प्रमुखों के साथ ट्रंप की एक अहम बैठक होने वाली है।

अमेरिकी ऊर्जा सचिव ने भी इस बात की पुष्टि की है कि ये कंपनियां वेनेजुएला के तेल क्षेत्र को फिर से जीवंत करने में ‘सलाहकार’ की भूमिका निभा सकती हैं। हालांकि करोड़ों डॉलर का निवेश तुरंत होगा या नहीं इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है।

पर्दे के पीछे मार्को रूबियो की सक्रियता

राजनीतिक गलियारों में चर्चा इस बात की भी है कि आखिर अमेरिका ने वेनेजुएला के विपक्ष को सत्ता क्यों नहीं सौंपी। इस सवाल पर ट्रंप ने चुप्पी साध ली लेकिन उन्होंने यह जरूर बताया कि उनकी सरकार अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ बेहतर तालमेल बिठा रही है।

ट्रंप ने खुलासा किया कि विदेश मंत्री मार्को रूबियो लगातार रोड्रिगेज के संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि वेनेजुएला की वर्तमान व्यवस्था अमेरिका की हर उस जरूरत को पूरा कर रही है जो उन्हें जरूरी लगती है। ऐसे में अमेरिका का अगला कदम पूरी दुनिया की नजरों में है क्योंकि यह सिर्फ एक देश की सत्ता का मामला नहीं बल्कि दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार के कंट्रोल की जंग है।

News End

Click here to read more news in this category: International

NFLSpice News

NFL Spice News is India's fastest growing online news website operating from Haryana's Rewari district.It was established in early 2023.News related to farmers, business, entertainment, sports world as well as politics and major news of Haryana state are also published on the portal.
फीडबैक या शिकायत के लिए: newsdesk@nflspice.com

Related Stories