चंडीगढ़। NFLSpice News: स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में 23 जुलाई से शुरू होने जा रहे 23वें राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games 2026) को लेकर खेल प्रेमियों का इंतजार खत्म हो गया है। इस प्रतिष्ठित मल्टी-स्पोर्ट इवेंट के लिए भारतीय एथलेटिक्स दल का पूरा आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
इस बार देश के कुल 32 शीर्ष एथलीट (22 पुरुष और 10 महिला खिलाड़ी) भारत का प्रतिनिधित्व करने ट्रैक और फील्ड पर उतरेंगे।
हरियाणा के लिए गर्व की बात यह है कि इस 32 सदस्यीय मुख्य एथलेटिक्स टीम में अकेले हरियाणा के छह 'धाकड़' खिलाड़ी शामिल हैं, जो वैश्विक मंच पर तिरंगा लहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
27 जुलाई से शुरू होगा हरियाणा के एथलीटों का अभियान
एथलेटिक्स हरियाणा से मिली जानकारी के अनुसार, सूबे के खिलाड़ियों के अभियान की शुरुआत 27 जुलाई को होगी। सबसे पहले फतेहाबाद की स्टार खिलाड़ी पूजा हाई जंप (ऊंची कूद) के क्वालिफिकेशन राउंड में भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगी।
इसके बाद 28 जुलाई का दिन हरियाणा के नजरिए से सबसे व्यस्त और अहम रहने वाला है। इस दिन भिवानी की सीमा कालीरमन और रोहतक की निधि रानी डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) स्पर्धा में मैदान संभालेंगी, जबकि अंबाला की अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत कौर शॉट पुट (गोला फेंक) के क्वालिफिकेशन राउंड में अपना दम दिखाएंगी।
30 जुलाई को 'गोल्डन बॉय' नीरज चोपड़ा पर रहेंगी सबकी नजरें
इस पूरे टूर्नामेंट में देश और दुनिया की सबसे बड़ी नजरें 30 जुलाई को होने वाले मुकाबले पर टिकी रहेंगी। पानीपत के रहने वाले ओलंपिक और विश्व चैंपियन 'गोल्डन बॉय' नीरज चोपड़ा जेवलिन थ्रो (भाला फेंक) के क्वालिफिकेशन राउंड में अपनी चुनौती की शुरुआत करेंगे।
हरियाणा के इस अभियान का समापन 1 अगस्त को होगा, जब जींद की होनहार एथलीट रवीना रेस वॉक (पैदल चाल) स्पर्धा के क्वालिफिकेशन राउंड में पदक के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करेंगी।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक और अध्यक्ष दिलबाग सिंह सहित तमाम खेल पदाधिकारियों ने टीम के संतुलन पर खुशी जताई है। उन्होंने बताया कि सभी छह खिलाड़ी इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं और पटियाला व अन्य कैंपों में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि पिछली बार की तरह इस बार भी हरियाणा के खिलाड़ी देश की झोली में सबसे ज्यादा पदक डालने में कामयाब होंगे।