नई दिल्ली: इनकम टैक्स विभाग ने करदाताओं (Taxpayers) को बड़ी राहत देते हुए गुरुवार को अपनी बिल्कुल नई और आधुनिक वेबसाइट लॉन्च कर दी है।
इस बदलाव का सबसे बड़ा आकर्षण है Kar Saathi —एक AI-पावर्ड डिजिटल असिस्टेंट जो टैक्स से जुड़े आपके हर सवाल का जवाब 24 घंटे देने के लिए तैयार रहेगा।
सरकार का मकसद टैक्स प्रक्रियाओं को उलझाने के बजाय सुलझाना और उसे पूरी तरह ‘यूजर-फ्रेंडली’ बनाना है।
एक ही छत के नीचे सारी जानकारी
इनकम टैक्स इंडिया ने सोशल मीडिया (X) पर इस लॉन्चिंग की घोषणा करते हुए बताया कि अब टैक्सपेयर्स को अलग-अलग पोर्टल पर भटकने की जरूरत नहीं होगी।
नई वेबसाइट को पहले के मुकाबले काफी तेज और नेविगेट करने में आसान बनाया गया है। इसमें डायरेक्ट टैक्स से जुड़ी तमाम जानकारियां और सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।
मुलाकात कीजिए कर साथी (Kar Saathi) से
विभागीय वेबसाइट पर मौजूद यह AI चैटबॉट एक गाइड की तरह काम करेगा। चाहे आपको नया टैक्स स्लैब समझना हो या रिटर्न फाइल करने में कोई दिक्कत आ रही हो, कर साथी आपकी उंगलियों पर समाधान देगा।
यह पहल सरकार के उस विजन का हिस्सा है जिसके तहत टैक्स प्रशासन को आधुनिक और टेक्नोलॉजी-संचालित बनाया जा रहा है।
‘PRARAMBH’ और नए इनकम टैक्स एक्ट 2025 की तैयारी
CBDT के चेयरमैन रवि अग्रवाल ने इस नई डिजिटल सर्विस को प्रारंभ (PRARAMBH) आउटरीच प्रोग्राम का एक अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक वेबसाइट नहीं बल्कि इनकम टैक्स एक्ट 2025 की ओर एक सुगम ट्रांजिशन (बदलाव) है। चेयरमैन के मुताबिक, प्रारंभ का अर्थ है—Policy Reform and Responsible Action for Mission Viksit Bharat।
नियमों और फॉर्म्स का बोझ हुआ आधा
टैक्स सिस्टम को सरल बनाने के लिए सरकार ने कागजी कार्रवाई और जटिलताओं पर सर्जिकल स्ट्राइक की है:
- नियमों में कटौती: नियमों की संख्या 510 से घटाकर मात्र 333 कर दी गई है।
- फॉर्म्स की छंटनी: कुल 399 फॉर्म्स की जगह अब सिर्फ 190 फॉर्म्स ही रहेंगे। इस कटौती से करीब 6 करोड़ ट्रांजैक्शन से जुड़ी पेचीदगियां खत्म होने की उम्मीद है, जिससे आम आदमी के लिए कंप्लायंस (नियम पालन) बेहद आसान हो जाएगा।

