Finance Minister Deepfake Scam: कुरुक्षेत्र के रिटायर्ड फौजी से 40 लाख की ठगी, रहें सावधान!
कुरुक्षेत्र में साइबर ठगों ने केंद्रीय वित्त मंत्री का फर्जी विज्ञापन दिखाकर एक रिटायर्ड फौजी से 40.52 लाख रुपये की ठगी की है। ठगों ने मुनाफे का लालच देकर फर्जी वेबसाइट पर निवेश कराया। जानें कैसे बचें इस डिजिटल फ्रॉड से।

कुरुक्षेत्र: डिजिटल इंडिया के दौर में साइबर अपराधी अब देश के बड़े चेहरों का सहारा लेकर लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहे हैं। ताजा मामला हरियाणा के कुरुक्षेत्र (थानेसर) से सामने आया है जहां भारतीय सेना से सेवानिवृत्त (Retired) एक बुजुर्ग सैनिक को साइबर ठगों ने अपनी चतुराई का शिकार बना लिया।
ठगों ने देश की केंद्रीय वित्त मंत्री (Finance Minister) का एक फर्जी विज्ञापन तैयार किया, जिसे सच मानकर पूर्व सैनिक ने एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 40.52 लाख रुपये गंवा दिए।
Read This: Tohana Roadway Bus Danger: टोहाना में मौत का सफर! बसों पर लटके छात्र, प्रशासन और रोडवेज में ठनी
फेसबुक के विज्ञापन से शुरू हुआ ‘मायाजाल’
थानेसर के गांव बगथला निवासी शकीन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यह सब 17 जनवरी को शुरू हुआ। फेसबुक स्क्रॉल करते समय उन्हें ‘ग्लोबल टेक न्यूज’ नाम से एक लिंक दिखा। इस लिंक पर क्लिक करते ही एक वीडियो चला, जिसमें वित्त मंत्री निवेश (Investment) की योजनाओं के बारे में बता रही थीं।
वीडियो में दावा किया गया था कि अगर कोई व्यक्ति नीचे दिए गए लिंक पर खुद को रजिस्टर (Register) करता है, तो उसे घर बैठे हर हफ्ते 50 से 60 हजार रुपये की आमदनी (Income) हो सकती है।
प्रोफेशनल तरीके से बुना गया ठगी का ताना-बना
रिटायर्ड फौजी ने वित्त मंत्री की बातों पर भरोसा कर अपना नंबर और ईमेल आईडी दर्ज कर दी। कुछ ही देर बाद उनके पास एक अंतरराष्ट्रीय नंबर (International Number) से कॉल आई। कॉलर ने खुद को अकाउंट मैनेजर बताते हुए बेहद प्रोफेशनल तरीके से बात की। उसने शकीन सिंह को ‘सीनियर सिटीजन’ होने के नाते विशेष छूट (Discount) का लालच भी दिया।
ठगों ने उनसे Proxtrend.com नामक एक फर्जी वेबसाइट पर खाता खुलवाया। शुरुआत में उनसे 19,234 रुपये जमा कराए गए। कुछ दिनों बाद उन्हें उनके डिजिटल डैशबोर्ड पर ‘प्रॉफिट’ (Profit) दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा और बढ़ गया।
किस्तों में लूटी गई जिंदगी भर की जमापूंजी
ज्यादा मुनाफे के लालच में आकर पीड़ित बुजुर्ग ठगों के निर्देशानुसार अलग-अलग तारीखों में पैसे ट्रांसफर करते रहे। जब तक उन्हें एहसास होता कि वे एक सुनियोजित घोटाले (Scam) का शिकार हो चुके हैं तब तक उनके बैंक खाते से 40.52 लाख रुपये निकल चुके थे। फिलहाल साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



