होली और खाटू मेला पर यात्रियों की मौज! रेलवे ने मार्च तक बढ़ाईं ये स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल
रेलवे ने होली और खाटू श्याम मेले की भीड़ के मद्देनजर रेवाड़ी-रींगस और जयपुर-भिवानी स्पेशल ट्रेनों को 31 मार्च 2026 तक विस्तार दिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के इस फैसले से लाखों यात्रियों और श्रद्धालुओं को कंफर्म सीट और सुगम सफर की सुविधा मिलेगी।

- होली और खाटू श्याम मेले के लिए रेलवे का बड़ा फैसला
- रेवाड़ी-रींगस और जयपुर-भिवानी स्पेशल ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी
- 31 मार्च 2026 तक जारी रहेगा इन ट्रेनों का संचालन
- लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों को मिलेगी सुगम सफर की सौगात
भिवानी। त्योहारों का सीजन हो और ट्रेनों में पैर रखने की जगह मिल जाए, तो यह किसी तोहफे से कम नहीं होता। होली की हुड़दंग और खाटू श्याम जी के लक्खी मेले के बीच यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने एक बड़ा राहत भरा फैसला लिया है।
रेलवे ने रेवाड़ी-रींगस और जयपुर-भिवानी के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि को अब 31 मार्च 2026 तक बढ़ा दिया है।
इस फैसले का सीधा फायदा उन हजारों श्रद्धालुओं को मिलेगा जो इस वक्त खाटू धाम की ओर रुख कर रहे हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने इस विस्तार की पुष्टि करते हुए बताया कि यात्रियों की बढ़ती डिमांड और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ही यह कदम उठाया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत
खाटू श्याम जी में 28 फरवरी तक चलने वाले मेले में देश के कोने-कोने से भक्त पहुंच रहे हैं। ऐसे में रेवाड़ी से रींगस के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेनें लाइफलाइन साबित हो रही हैं। रेलवे ने गाड़ी संख्या 09633/09634 (रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी) के फेरों में विस्तार किया है।
अब यह ट्रेन रेवाड़ी से मार्च महीने में 1, 7, 8, 14, 15, 21, 22, 28, 29 और 30 तारीख को चलेगी। वहीं रींगस से यह 2, 8, 9, 15, 16, 22, 23, 29, 30 और 31 मार्च को अपनी सेवाएं देगी।
इसी तरह, एक और जोड़ी स्पेशल ट्रेन 09637/09638 (रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी) भी ट्रैक पर बनी रहेगी। यह ट्रेन रेवाड़ी और रींगस दोनों तरफ से मार्च की 1, 7, 8, 14, 15, 21, 22, 28, 29 और 31 तारीख को कुल 10-10 ट्रिप लगाएगी।
जयपुर-भिवानी के बीच भी सफर रहेगा आसान
सिर्फ रींगस ही नहीं, बल्कि जयपुर और भिवानी के बीच सफर करने वाले दैनिक यात्रियों और होली पर घर जाने वालों के लिए भी खुशखबरी है। गाड़ी संख्या 09733/09734 जयपुर-भिवानी-जयपुर प्रतिदिन स्पेशल ट्रेन अब पूरे मार्च महीने (1 से 31 मार्च तक) पटरी पर दौड़ती रहेगी। इसके 31 फेरे बढ़ा दिए गए हैं, जिससे वेटिंग लिस्ट की झंझट से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा।
रेलवे का यह स्मार्ट कदम न केवल भीड़ को मैनेज करेगा, बल्कि होली जैसे बड़े त्योहार पर होने वाली अफरा-तफरी को भी कम करेगा। सभी ट्रेनों के ठहराव और समय पहले की तरह ही रहेंगे, यानी यात्रियों को नए शेड्यूल को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है।



