Haryana Weather Update: हरियाणा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 60km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं! किसानों की बढ़ी चिंता
हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ली है। IMD ने गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं और बारिश के कारण गेहूं की फसल खराब होने का डर सता रहा है। जानिए अगले 48 घंटों का पूरा हाल।
- हरियाणा के 8 जिलों में भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी।
- गुरुग्राम और हिसार समेत कई शहरों में दोपहर बाद बदला मौसम।
- 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चली हवाएं, कई जगह बिजली ठप।
- गेहूं की कटाई के बीच बारिश से किसानों की बढ़ी मुश्किलें।
Haryana Weather Update: हरियाणा के कई जिलों में आज दोपहर बाद कुदरत का अलग ही रंग देखने को मिला। चिलचिलाती धूप के बीच अचानक बादलों की एंट्री हुई और देखते ही देखते गुरुग्राम, हिसार और नारनौल समेत कई हिस्सों में बूंदाबांदी शुरू हो गई।
शाम होते-होते सिरसा और आसपास के इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश ने दस्तक दे दी जिससे तापमान में तो गिरावट आई है लेकिन खेतों में खड़ी पीली पड़ चुकी गेहूं की फसल पर ‘संकट के बादल’ मंडराने लगे हैं।
तेज हवाओं के साथ 18 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण और मध्य हरियाणा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी और झज्जर जैसे जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
कई इलाकों में तेज अंधड़ की वजह से बिजली गुल होने की भी खबरें हैं जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें
कृषि विशेषज्ञों की मानें तो यह समय गेहूं की कटाई का है। ऐसे में बेमौसम बारिश और तेज हवाएं फसल को बिछा सकती हैं, जिससे दाना काला पड़ने या हल्का होने का खतरा बढ़ गया है।
रोहतक में जहां अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, वहीं अब बारिश के बाद पारे में बड़ी गिरावट की संभावना जताई जा रही है।
अगले 48 घंटे कैसे रहेंगे?
मौसम विभाग के अनुसार, 31 मार्च और 1 अप्रैल को भी राहत के आसार कम हैं। अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
हालांकि 2 अप्रैल से मौसम के दोबारा शुष्क होने की उम्मीद है, लेकिन तब तक किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
