Weather Update: मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट, 11 जून से दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश

नई दिल्ली (Weather Update): सूरज के तीखे तेवरों और जानलेवा उमस से बेहाल उत्तर भारत के लोगों के लिए आखिरकार राहत की एक बड़ी और ठंडी खबर सामने आ रही है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक एक नया और बेहद ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) तेजी से मैदानी इलाकों की तरफ बढ़ रहा है। इसके असर से अगले 24 से 48 घंटों के भीतर मौसम का मिजाज पूरी तरह पलटने वाला है।

फिलहाल दिन के समय आसमान से आग बरस रही है और लोग लू (Heatwave) के थपेड़े झेलने को मजबूर हैं। लेकिन दोपहर ढलते ही लोकल वेदर सिस्टम एक्टिव हो रहा है जिससे कई हिस्सों में अचानक काले बादल उमड़ रहे हैं और धूल भरी आंधी के साथ बौछारें गिर रही हैं।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 11 जून से इस वेदर सिस्टम का असली दम देखने को मिलेगा जब नमी बढ़ने के कारण उत्तर और मध्य भारत के एक बड़े हिस्से में मानसून जैसी झमाझम बारिश की शुरुआत होगी।

मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार 11 जून से उत्तर भारत के आसमान पर बादलों का कड़ा पहरा होगा। आंधी, बिजली कड़कने और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि (Hailstorm) के साथ तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

फिलहाल मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों, बुंदेलखंड, दक्षिण हरियाणा, उत्तर-पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में बिखरी हुई हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, झांसी, बांदा, रीवा और सतना जैसे जिलों में देर शाम 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ ओले गिरने की आशंका है।

दूसरी तरफ, दिल्ली-NCR, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान के लोगों को फिलहाल दोपहर के समय भीषण तपन झेलनी होगी। इन इलाकों में पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हालांकि राहत की बात यह है कि यहां भी देर शाम हल्के बादल छाने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने से रात के तापमान में थोड़ी नरमी महसूस की जा सकती है।

पहाड़ों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के निचले इलाके अभी गर्म रहेंगे लेकिन केदारनाथ, बद्रीनाथ और शिमला जैसी ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रहेगा जो सैलानियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। कुल मिलाकर, 11 जून से शुरू हो रहा यह बदलाव तपते उत्तर भारत को बड़ी राहत देने जा रहा है।

News End

Click here to read more news in this category: मौसम पूर्वानुमान

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *