नई दिल्ली। NFLSpice News: देश में नीट (NEET) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के मुद्दे पर राजधानी दिल्ली में सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में कई सांसदों ने नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास (7, लोक कल्याण मार्ग) के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और सांसदों को हिरासत (Detain) में ले लिया है।

- ADVERTISEMENT -

हिरासत में लिए गए नेताओं में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार शामिल हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें की पीएम आवास के बाहर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के दिग्गजों को पुलिस ने धारा 163 (BNSS) के उल्लंघन का हवाला देते हुए हिरासत में लिया।

दिल्ली पुलिस की बसों के जरिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेकर मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन भेजा गया है। वहीं अन्य सांसदों और कार्यकर्ताओं को संसद मार्ग व तिलक मार्ग पुलिस थानों में रखा गया है। इसके अलावा NSUI और यूथ कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने पकड़ा है।  

- ADVERTISEMENT -

ताजा जानकारी जो सामने आ रही है उसके अनुसार पीएम आवास के रास्ते सील कर दिए गए है और 7, लोक कल्याण मार्ग की ओर जाने वाली सभी सड़कों पर बहुस्तरीय बैरिकेडिंग कर दी गई है। पैरामिलिट्री बलों और दिल्ली पुलिस के जवानों की भारी तैनाती की गई है। उधर मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भारी संख्या में जमा हो गए हैं और केंद्र सरकार व दिल्ली पुलिस के खिलाफ लगातार नारेबाजी कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने हिरासत में जाने से पहले स्पष्ट किया कि जब तक सरकार 152 से ज्यादा पेपर लीक की जवाबदेही तय नहीं करती और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं लेती तब तक युवाओं और छात्रों के हक की यह लड़ाई जारी रहेगी।