Haryana News: अमेरिका से लौटे युवक की थार से कुचलकर हत्या, DJ पर विवाद के बाद सरेआम कत्ल

इस्माइलाबाद (कुरुक्षेत्र): खुशियों वाली शादी के घर में उस वक्त मातम पसर गया, जब महज एक गाने को लेकर शुरू हुआ विवाद रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात में तब्दील हो गया। हरियाणा के इस्माइलाबाद में देर रात एक काली थार मौत का पैगाम बनकर आई और देखते ही देखते एक हंसते-खेलते नौजवान को सड़क पर बेरहमी से कुचल दिया। मृतक की पहचान साहिल कुमार के रूप में हुई है जो महज एक महीने पहले ही अपने सुनहरे भविष्य के सपने संजोकर अमेरिका से भारत लौटा था।

विवाद की जड़: डांस फ्लोर से सड़क तक की रंजिश

जानकारी के मुताबिक पिहोवा के खेड़ी शीशगरां का रहने वाला साहिल अपने रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने इस्माइलाबाद आया था। डीजे पर गानों की फरमाइश को लेकर कॉलोनी के ही दीपांशु धवन के साथ उसकी मामूली बहस हुई। उस वक्त तो मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन दीपांशु के दिल में बदले की आग सुलग रही थी।

थार बनी हथियार, सरेआम दोहराई गई बर्बरता

चश्मदीदों के अनुसार रात करीब 12:40 बजे जब साहिल अपने दोस्तों के साथ चम्मू चौक पर खड़ा था, तभी सामने से तेज रफ्तार काली थार आई। आरोपी दीपांशु ने सीधे साहिल को टक्कर मारी। चौंकाने वाली बात यह है कि जब साहिल जमीन पर गिरा, तो दीपांशु ने गाड़ी रोकी ओर शीशा नीचे कर तंज कसा और फिर गाड़ी बैक करके दोबारा साहिल के ऊपर चढ़ा दी। इस वीभत्स मंजर के दौरान गाड़ी में आरोपी की मां और बहन भी मौजूद थीं, जो मूकदर्शक बनी रहीं।

अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम, पुलिस एक्शन में

गंभीर हालत में साहिल को अंबाला के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है। इस्माइलाबाद थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपांशु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 109(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम अंबाला के सरकारी अस्पताल में कराया जा रहा है। एक महीने पहले अमेरिका से आए जवान बेटे की इस तरह मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Comment