हांसी (उमरा): हरियाणा के हांसी क्षेत्र के गांव उमरा में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मात्र 7 साल के एक बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई।
हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चा स्कूल से घर लौटकर अपने कपड़े बदल रहा था।
इस छोटी सी उम्र में मासूम की विदाई से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
कपड़े बदलते समय काल बना बिजली का तार
मृतक बच्चे की पहचान 7 वर्षीय तनुज के रूप में हुई है जो गांव उमरा का रहने वाला था और तीसरी कक्षा में पढ़ता था। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर तनुज रोजाना की तरह स्कूल से घर लौटा था।
वह कमरे में अपने कपड़े बदल रहा था, तभी पास ही रखी पानी की मोटर की एक नंगी तार के संपर्क में आ गया।
तार में करंट होने के कारण तनुज को जोरदार झटका लगा और वह अचेत होकर गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
चीख-पुकार सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में तनुज को हांसी के एक निजी अस्पताल ले गए।
वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
सामान्य अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम तनुज को मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
तनुज के पिता सतीश गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करते हैं और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। घर में तनुज की एक बड़ी बहन और मां है जिनका विलाप देखकर अस्पताल में मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
गांव के लोगों ने बताया कि तनुज बहुत होनहार बच्चा था और इस तरह उसके चले जाने से हर कोई स्तब्ध है।

