पंचकूला: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने विज्ञापन संख्या 05/2024 के तहत होने वाली प्राथमिक शिक्षक (PRT) मेवात कैडर भर्ती को लेकर एक नया अपडेट जारी किया है। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश (CWP नंबर 14598-2025) का पालन करते हुए आयोग ने पदों का कैटिगरी वाइज पुनर्विभाजन किया है। अब यह भर्ती नए रोस्टर के हिसाब से आगे बढ़ेगी।
कुल 1456 पदों पर होगी बहाली
आयोग द्वारा जारी नई सूची के अनुसार, मेवात कैडर के लिए कुल 1456 पद निर्धारित किए गए हैं। इन पदों को अलग-अलग श्रेणियों में इस तरह बांटा गया है कि हर वर्ग को नियमानुसार प्रतिनिधित्व मिल सके।
अच्छी बात यह है कि पदों की संख्या और उनके बंटवारे को अब कानूनी प्रक्रिया के तहत स्पष्ट कर दिया गया है जिससे भर्ती के अटकने की गुंजाइश कम होगी।
किस कैटेगरी को मिली कितनी सीटें?
नए विभाजन के बाद पदों का विवरण कुछ इस प्रकार है:
- सामान्य वर्ग (General): 582 पद
- अनुसूचित जाति (SC): 285 पद
- बी.सी.ए. (BC-A): 228 पद
- बी.सी.बी. (BC-B): 155 पद
- ई.डब्ल्यू.एस. (EWS): 146 पद
इसके अलावा, दिव्यांग (PWD) श्रेणी के लिए 4 प्रतिशत आरक्षण के तहत कुल 58 पद सुरक्षित रखे गए हैं। वहीं पूर्व सैनिकों (ESM) के लिए भी सामान्य, एससी और बीसी कैटेगरी के अनुसार अलग से पदों का प्रावधान किया गया है।
नियमों में कोई बदलाव नहीं
HSSC ने साफ किया है कि केवल पदों की संख्या और उनके श्रेणीवार बंटवारे में ही संशोधन किया गया है। भर्ती से जुड़ी अन्य सभी योग्यताएं, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की शर्तें पहले जारी किए गए विज्ञापन के अनुसार ही रहेंगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे विस्तृत जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी शुद्धि-पत्र को जरूर देख लें।

