रेवाड़ी। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. रेनू सोलखे ने मंगलवार को रेवाड़ी स्थित बाल देखरेख संस्थान और विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण का अचानक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. सोलखे ने वहां रह रहे बच्चों से खुलकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों के भोजन, रहने की व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही बच्चों से जुड़े सभी रजिस्टर, स्टाफ की उपस्थिति और पुनर्वास संबंधी कामों के अभिलेखों की भी विस्तार से जांच की।

डॉ. रेनू सोलखे ने संस्थान के स्टाफ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के लिए बाल-मैत्रीपूर्ण माहौल बनाए रखा जाए। उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित परामर्श की सुविधा मुहैया कराई जाए।

उन्होंने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 का पूरी तरह पालन करने और दत्तक ग्रहण के मामलों में कानूनी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

यह निरीक्षण बाल सुधार व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सच के साथ रहना और इसको लगातार निभाना इतना मुश्किल भी नहीं होता। हरियाणा से हूँ...