HBSE 12th Result: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा मंगलवार शाम घोषित किए गए 12वीं के परीक्षा परिणामों में महेंद्रगढ़ जिले ने अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। इस वर्ष जिला प्रदेश भर में 9वें स्थान पर रहा है जबकि पिछले साल महेंद्रगढ़ 15वें पायदान पर खिसक गया था।
हालांकि पास प्रतिशत में मामूली गिरावट दर्ज की गई है लेकिन अन्य जिलों के मुकाबले प्रदर्शन बेहतर होने से रैंकिंग में उछाल आया है।
आंकड़ों की ज़ुबानी: कैसा रहा जिले का प्रदर्शन?
शिक्षा सत्र 2025-26 के नियमित (Regular) परिणामों पर नज़र डालें तो महेंद्रगढ़ जिले का पास प्रतिशत 87.13% रहा।
कुल परीक्षार्थी: 7741
सफल छात्र: 6745
कंपार्टमेंट: 762
अनुत्तीर्ण (Fail): 234
पिछले साल (2024-25) जिले का परिणाम 87.33% था। दिलचस्प बात यह है कि महेंद्रगढ़ का ग्राफ पिछले कुछ वर्षों में काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। साल 2024 में यह जिला प्रदेश में पहले नंबर पर था, जबकि 2023 में दूसरे स्थान पर।
दादरी टॉप पर, नूंह सबसे पीछे
प्रदेश स्तर पर इस बार चरखी दादरी ने बाजी मारी है और 91.08% के साथ पहले स्थान पर कब्जा किया है। वहीं जींद (91.0%) दूसरे और पानीपत (90.84%) तीसरे स्थान पर रहा।
दूसरी ओर नूंह जिला 57% परिणाम के साथ प्रदेश में सबसे अंतिम पायदान पर रहा।
ओपन और प्राइवेट स्कूल का हाल
प्राइवेट परीक्षा: कुल 94 बच्चों में से 64 पास हुए (68.09%)।
ओपन स्कूल: 50% छात्र ही सफल हो पाए। यहाँ 154 बच्चों में से 77 ने परीक्षा पास की, जिनमें 56 छात्र और 21 छात्राएं शामिल हैं।
वेबसाइट ने छुड़ाए पसीने, छात्रों में दिखा जबरदस्त उत्साह
रिजल्ट घोषित होने के बाद बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ट्रैफिक इतना बढ़ गया कि सर्वर डाउन हो गया। देर शाम तक छात्र अपना रिजल्ट देखने के लिए संघर्ष करते दिखे।
इशांत (विज्ञान संकाय) ने बताया कि साइट न चलने से वह अपना परिणाम नहीं देख पाए हैं, लेकिन उत्साह बरकरार है।
प्रियंका (कला संकाय) और प्राची (वाणिज्य संकाय) ने भी उम्मीद जताई कि शिक्षकों के मार्गदर्शन में उनकी मेहनत रंग लाएगी और परिणाम अनुमान के मुताबिक बेहतर रहेगा।
अधिकारियों की प्रतिक्रिया
जिला शिक्षा अधिकारी (नारनौल) विश्वेश्वर कौशिक ने जिले के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गत वर्ष की तुलना में हम 15वें से 9वें स्थान पर आए हैं जो सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी सत्र में महेंद्रगढ़ को फिर से पहले पायदान पर लाने के लिए विशेष मेहनत करवाई जाएगी।

