Haryana News: हरियाणा के प्रतिष्ठित संस्थान नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) कुरुक्षेत्र से एक बार फिर दहला देने वाली खबर सामने आई है। संस्थान के गर्ल हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में बीटेक सेकंड ईयर की छात्रा ने सुसाइड कर लिया।
छात्रा का शव पंखे से लटका मिलने के बाद पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया है। पिछले तीन महीनों के भीतर एनआईटी कुरुक्षेत्र में आत्महत्या की यह चौथी घटना है, जिसने संस्थान की सुरक्षा और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्लास से लौटी और बंद कर लिया दरवाजा
मृतक छात्रा की पहचान बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली दीक्षा दुबे के रूप में हुई है। दीक्षा बीटेक दूसरे साल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस (AIDS) की पढ़ाई कर रही थी और कावेरी हॉस्टल के कमरा नंबर 441 में रहती थी। बताया जा रहा है कि दीक्षा अपनी क्लास अटेंड करने के बाद कमरे में आई थी।
दोपहर बाद जब उसकी सहेलियां मिलने पहुंचीं और दरवाजा नहीं खुला, तो शक हुआ। खिड़की से झांकने पर दीक्षा का शव फंदे पर लटका मिला।
सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है जिससे मौत की वजह अभी भी रहस्य बनी हुई है।
पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है और दीक्षा के मोबाइल व अन्य सामान की बारीकी से जांच की जा रही है।
कैंपस में तनाव, परिवार को दी गई सूचना
पुलिस ने बिहार में दीक्षा के परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी दे दी है जो आज रात तक कुरुक्षेत्र पहुंच सकते हैं। थर्ड गेट चौकी इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौके पर मौजूद छात्रों व प्रशासन के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
फरवरी से अप्रैल के बीच लगातार हो रही इन घटनाओं से एनआईटी के छात्रों में भारी डर और मानसिक तनाव देखा जा रहा है।

