Haryana News: हरियाणा सरकार ने पुलिस महकमे में एक और बड़ा फेरबदल करते हुए 24 वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यभार बदल दिए हैं। यह पिछले कुछ ही दिनों में सरकार की ओर से किया गया दूसरा बड़ा बदलाव है।
इस फेरबदल की सबसे खास बात यह है कि गुरुग्राम पुलिस कमिश्नरेट के 5 प्रमुख अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नूंह और हिसार को मिले नए कप्तान
नूंह की कमान अब आईपीएस डॉ. अर्पित जैन के हाथों में होगी जो इससे पहले गुरुग्राम के डीसीपी मुख्यालय थे। वहीं राजेश कुमार को नूंह से हटाकर एससीबी (SCB) में भेजा गया है।
हिसार में भी बड़ा बदलाव हुआ है और यहां सिद्धांत जैन को फतेहाबाद से हटाकर एसपी हिसार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है जबकि शशांक कुमार सावन अब एआईजी (एडमिनिस्ट्रेशन) का पद संभालेंगे।
रोहतक और फरीदाबाद में भी नए चेहरे
रोहतक के एसपी सुरिंदर बोहरिया को अब लॉ एंड ऑर्डर की जिम्मेदारी दी गई है जबकि उनकी जगह गौरव राजपुरोहित (डीसीपी ईस्ट गुरुग्राम) अब रोहतक के नए एसपी होंगे।


फरीदाबाद के औद्योगिक इलाकों की सुरक्षा का जिम्मा अब आईपीएस उत्तम (डीसीपी एनआईटी) और प्रतिक अग्रवाल (डीसीपी बल्लभगढ़) के कंधों पर होगा।
महिला अधिकारियों को मिली अहम जिम्मेदारी
इस ट्रांसफर लिस्ट में महिला आईपीएस अधिकारियों का भी दबदबा दिखा है। आईपीएस नितिका खट्टर अब फतेहाबाद की एसपी होंगी जबकि जसलीन कौर को डबवाली का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
पूजा वशिष्ठ को नारनौल से हटाकर सतर्कता विभाग (SV & ACB) में भेजा गया है। वहीं झज्जर और सोनीपत की कमान क्रमशः दीप्ति गर्ग और सोनाक्षी सिंह को सौंपी गई है।

