Donald Trump Jr Wedding: ईरान जंग के बीच बेटे की शादी में जाएंगे डोनाल्ड ट्रंप? ‘फेक न्यूज़’ और आलोचना के डर से फंसा पेंच

Donald Trump Jr Wedding: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समय एक बेहद अजीबोगरीब और व्यक्तिगत कशमकश से गुजर रहे हैं। मामला किसी वैश्विक महाशक्ति के साथ कूटनीतिक तनातनी का नहीं बल्कि उनके अपने परिवार का है।
ईरान के साथ जारी भीषण युद्ध और तनाव के बीच ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर (Don Jr.) इस वीकेंड बहामास के एक निजी द्वीप पर अपनी मंगेतर बेटिना एंडरसन के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। लेकिन इस हाई-प्रोफाइल शादी में खुद राष्ट्रपति ट्रंप शामिल होंगे या नहीं इसे लेकर सस्पेंस गहरा गया है।
जाऊंगा तो भी मारा जाऊंगा, नहीं गया तो भी…
व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब ट्रंप से उनके बेटे की शादी में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने अपने चिरपरिचित मजाकिया और तंजिया अंदाज में जवाब दिया।
ट्रंप ने हंसते हुए कहा वह (डॉन जूनियर) चाहते हैं कि मैं वहां आऊं। यह एक छोटा और बेहद निजी कार्यक्रम होने जा रहा है और मैं वहां पहुंचने की पूरी कोशिश करूंगा। लेकिन मैंने उससे कह दिया है कि मेरे लिए यह सही समय (गुड टाइमिंग) नहीं है। मैं इस समय ‘ईरान’ नाम की एक चीज और कई अन्य मामलों में फंसा हुआ हूं।
REPORTER: ‘Are you attending your son’s wedding?’
TRUMP: ‘He’d like me to go… This not good timing for me. I have a thing called IRAN… If I do attend, I get killed. If I don’t attend, I get killed. By the fake news, of course’ pic.twitter.com/qHzFFRLiJ5
— RT (@RT_com) May 21, 2026
ट्रंप ने मीडिया और राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए आगे कहा, “यह एक ऐसा मामला है जिसमें मेरी जीत नहीं हो सकती।
अगर मैं शादी में जाता हूं तो भी मुझे मार दिया’जाएगा (आलोचना होगी) और अगर मैं नहीं जाता तो भी मुझे फेक न्यूज़ वाले मार डालेंगे।”
डर ईरान का या मीडिया की आलोचना का?
ट्रंप के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति सुरक्षा कारणों या ईरान के डर से अपने देश से बाहर जाने में कतरा रहे हैं? हालांकि बयानों के विश्लेषण से साफ है कि ट्रंप को जान का खतरा नहीं, बल्कि पॉलिटिकल ऑप्टिक्स (राजनीतिक छवि) की चिंता है।
जब देश ईरान के साथ एक बड़े युद्ध और शांति समझौते की बैठकों में उलझा हो और अमेरिकी जनता बढ़ती महंगाई और तेल की कीमतों से जूझ रही हो, ऐसे में राष्ट्रपति का बहामास के किसी द्वीप पर जाकर पार्टी करना उनकी छवि को भारी नुकसान पहुंचा सकता है।
व्हाइट हाउस से शिफ्ट होकर बहामास पहुंचा वेन्यू
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले इस शादी को व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में आयोजित करने की योजना थी। लेकिन मार्च 2026 में ईरान के साथ बढ़े तनाव के बाद इस योजना को रद्द करना पड़ा।
अब यह शादी बेहद गुप्त तरीके से बहामास के एक छोटे द्वीप पर आयोजित की जा रही है, जिसमें 50 से भी कम बेहद करीबी मेहमान शामिल होंगे।
डॉन जूनियर की होने वाली पत्नी बेटिना एंडरसन (39) पाम बीच की एक जानी-मानी सोशल मीडिया स्टार और मॉडल हैं। ट्रंप जूनियर की यह दूसरी शादी होगी।
फिलहाल आधिकारिक तौर पर ट्रंप के शेड्यूल में बहामास यात्रा का कोई जिक्र नहीं है, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि वह व्हाइट हाउस में रहकर ही ईरान संकट पर नजर रखेंगे। हालांकि ट्रंप ने बातचीत का अंत सकारात्मक नोट पर करते हुए कहा, “उम्मीद है कि उनकी शादी शानदार रहेगी।”


