Haryana News: रेवाड़ी जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव पिथड़ावास में 25 वर्षीय विवाहिता प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात प्रीति की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
मृतका के परिजनों का कहना है कि प्रीति की शादी करीब तीन वर्ष पहले पिथड़ावास निवासी दीपक के साथ हुई थी। दंपति का दो वर्षीय बेटा भी है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रीति को मानसिक रूप से परेशान किया जाता था और उसे परिवार में स्वीकार नहीं किया गया। Haryana News
परिवार का दावा है कि प्रीति ने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने साथ हो रहे कथित उत्पीड़न का जिक्र किया था। परिजनों के अनुसार बाद में वह पोस्ट हटा दी गई। इसी आधार पर उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया तो उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना था कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा। Haryana News
उधर, पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पति दीपक, देवर, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के तहत सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति और देवर की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है। Haryana News






