Haryana News: अंबाला में नकली RTO बनकर स्क्रैप से भरा ट्रक लूटा, मर्डर का आरोपी निकला मास्टरमाइंड! ऐसे हुआ पर्दाफाश
अंबाला नेशनल हाईवे पर फर्जी RTO बनकर ट्रक लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़। पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुज को पानीपत से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने ड्राइवर को अगवा कर वारदात को अंजाम दिया था। जांच में पता चला कि आरोपी पहले से हत्या के केस में वांछित है।
Haryana News: नेशनल हाईवे नंबर-1 पर सफर करने वाले सावधान हो जाएं, क्योंकि शातिर बदमाशों ने अब लूटपाट के लिए वर्दी और 'रसूख' का सहारा लेना शुरू कर दिया है। अंबाला के शास्त्री कट (कुलदीप नगर) के पास हाल ही में एक ऐसी वारदात हुई जिसने पुलिस प्रशासन के भी कान खड़े कर दिए।
खुद को RTO अधिकारी बताकर बदमाशों ने न सिर्फ एक ट्रक लूटा बल्कि ड्राइवर को अगवा कर उसकी जान जोखिम में डाल दी। हालांकि अंबाला की पड़ाव पुलिस ने इस गुत्थी को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया है।
वो रात और फर्जी चेकिंग का खेल
वारदात की शुरुआत तब हुई जब ड्राइवर शिव प्रकाश अपना स्क्रैप से भरा ट्रक लेकर जा रहा था। तभी अचानक एक बोलेरो ने उसे ओवरटेक किया और रुकने का इशारा किया।
बोलेरो से उतरे युवकों ने रौब झाड़ते हुए खुद को RTO विभाग का अधिकारी बताया। आरोपियों ने पहले कागजात मांगे और फिर बिल्टी को फर्जी बताकर ड्राइवर को डराना शुरू कर दिया।
जब शिव प्रकाश ने विरोध किया तो इन फर्जी अफसरों का असली 'गुंडा' चेहरा सामने आ गया।
ड्राइवर के साथ मारपीट की गई और उसे जबरन बोलेरो में डालकर शाहाबाद-साहा पुल की तरफ ले जाया गया। रास्ते में उससे नकदी छीनी गई और फिर उसे सूनसान जगह पर फेंक कर आरोपी ट्रक और सामान लेकर चंपत हो गए।
पुलिस की मुस्तैदी और मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पड़ाव के प्रभारी निरीक्षक धर्मबीर सिंह ने तुरंत एक टीम का गठन किया। पुलिस को खुफिया इनपुट मिला कि गिरोह का मुख्य सरगना पानीपत में छिपा है।
इसके बाद बिना वक्त गंवाए दबिश दी गई और मुख्य आरोपी अनुज कुमार को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।
हत्यारा निकला फर्जी अफसर
पूछताछ में जो खुलासा हुआ उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। पकड़ा गया आरोपी अनुज कोई छोटा-मोटा चोर नहीं बल्कि एक पेशेवर अपराधी है। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि सोनीपत में उस पर पहले से ही हत्या का संगीन मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया जिसके बाद उसकी निशानदेही पर लूटा हुआ ट्रक और पूरा स्क्रैप बरामद कर लिया गया है।
फिलहाल रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है, लेकिन पुलिस अब इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। यह घटना उन ट्रक ड्राइवरों के लिए एक चेतावनी है जो सुनसान रास्तों पर अनजान चेकिंग टीम को देखकर रुक जाते हैं।
यह खबर विश्वसनीय स्रोतों द्वारा प्रमाणित है। NFL Spice के संपादकीय मानकों और तथ्य-जांच नीतियों के अनुरूप, इस समाचार की पुष्टि की गई है।