इंडी गठबंधन का वजूद चोरी हो गया - दिल्ली में विपक्ष की बैठक पर संबित पात्रा का राहुल गांधी पर तीखा तंज
दिल्ली में सोमवार को हुई इंडिया गठबंधन की बैठक पर बीजेपी ने जोरदार पलटवार किया है। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद विपक्ष अब कमरों और कारों में बैठकें करने को मजबूर हो गया है। पढ़े पूरी खबर -
नई दिल्ली (NFLSpice News): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को हुई इंडिया (INDI) गठबंधन की हाई-प्रोफाइल बैठक के बाद देश का सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है। नतीजों और ईवीएम के मुद्दों को लेकर लामबंद हुए विपक्ष पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया है।
बीजेपी के तेजतर्रार सांसद संबित पात्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्षी एकजुटता की इस कवायद की धज्जियां उड़ा दीं।
संबित पात्रा ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि जो विपक्ष कभी बड़े-बड़े स्टेडियमों में रैलियां करता था, वह अब सिमटकर एक छोटे से कमरे में आ गया है।
राहुल गांधी ने हार का शतक लगाया है
मल्लिकार्जुन खरगे के बयानों का जवाब देते हुए संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष कह रहे हैं कि वोट चोरी हुई है, लेकिन असलियत यह है कि देश की जनता ने उनके पाखंड को पूरी तरह नकार दिया है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा:
"राहुल गांधी ने चुनाव हारने में शतक लगा दिया है। आज वह बैठक में ऐसे मुस्कुरा रहे थे जैसे कोई बहुत बड़ा दुर्ग फतह करके आए हों। खरगे जी कह रहे हैं कि हर दो महीने में बैठक होगी। बिल्कुल ठीक है, ये हर तीसरे महीने चुनाव हारेंगे और उसके बाद अगले महीने एक बैठक कर लिया करेंगे।"
अखिलेश और ममता पर साधा निशाना, बोले- कार में होगी अगली मीटिंग
संबित पात्रा ने उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के सियासी समीकरणों का जिक्र करते हुए विपक्षी नेताओं की एकजुटता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दो अच्छे लड़के बनकर साइकिल पर चढ़ने वालों का हाल पूरा देश देख चुका है।
संबित पात्रा का बड़ा दावा
आज बैठक में अखिलेश यादव बहुत तकलीफ में बैठे दिखाई दे रहे थे। वह बखूबी जानते हैं कि आने वाले कुछ महीनों में उनकी स्थिति क्या होने वाली है। विपक्ष की यह बैठकें जो पहले स्टेडियम में होती थीं, अब कांस्टीट्यूशन क्लब के एक कमरे में हो रही हैं। तीसरी या चौथी मीटिंग आते-आते यह हाल हो जाएगा कि ये लोग कार के अंदर बैठकर मीटिंग करेंगे।
चोरी वोट नहीं, इंडी गठबंधन का वजूद हुआ है
बीजेपी सांसद ने विपक्ष पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तमिलनाडु या केरल में विपक्षी दल जीतते हैं या सरकार बनाते हैं, तब उन्हें सिस्टम में कोई खराबी नजर नहीं आती। लेकिन जब पश्चिम बंगाल या अन्य राज्यों में हार का सामना करना पड़ता है, तो ठीकरा दूसरों पर फोड़ दिया जाता है।
उन्होंने अंदरूनी कलह को उजागर करते हुए कहा कि एक तरफ गठबंधन की बात हो रही है, दूसरी तरफ कांग्रेस के भीतर ही सिरफुटव्वल मची है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि गहलोत खुद कांग्रेस के तथाकथित आलाकमान को खरी-खोटी सुना रहे हैं। पात्रा ने साफ शब्दों में कहा कि अगर सही मायने में कुछ चोरी हुआ है, तो वह इन दलों का जमीनी वजूद है, जो अब धरातल पर कहीं दिखाई नहीं देता।
यह खबर विश्वसनीय स्रोतों द्वारा प्रमाणित है। NFL Spice के संपादकीय मानकों और तथ्य-जांच नीतियों के अनुरूप, इस समाचार की पुष्टि की गई है।