रेवाड़ी: हरियाणा (रेवाड़ी): रेवाड़ी पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अपनी सख्त मुहिम को जारी रखते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा (IPS) के कुशल निर्देशन में थाना कसौला पुलिस ने नेशनल हाईवे-48 (NH-48) पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कसौला पुलिस टीम को NH-48 स्थित आसलवास फ्लाईओवर के पास एक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तो ट्रक के भीतर से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 276.69 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
यह भी पढ़ें -विपक्ष के पास लोकसभा में 199 और राज्यसभा में 62 सांसद, फिर भी महाभियोग प्रस्ताव पास कराना क्यों है नामुमकिन?
कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार पाया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बरामद शराब की सभी पेटियों और हादसाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में संबंधित धाराओं और आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही इस बात की भी गहनता से जांच की जा रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। रेवाड़ी पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए जांच जारी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।







