Bullet Train Update: दिल्ली के सराय काले खां से चलेगी वाराणसी बुलेट ट्रेन, NHSRCL ने बदला पूरा प्लान
दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में बड़ा अपडेट आया है। अब दिल्ली का मुख्य स्टेशन सराय काले खां में बनेगा। रेलवे बोर्ड ने NHSRCL को DPR संशोधित करने को कहा है, जिससे यह इलाका महा-ट्रांजिट हब बन जाएगा।
राजधानी दिल्ली का सराय काले खां (Sarai Kale Khan) इलाका अब सिर्फ एक बस स्टैंड या मेट्रो स्टेशन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह देश के सबसे आधुनिक मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब (Multimodal Transport Hub) के रूप में उभरने जा रहा है।
ताज़ा घटनाक्रम में दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल (HSR - High-Speed Rail) कॉरिडोर के लिए दिल्ली के मुख्य स्टेशन के रूप में सराय काले खां के नाम पर मुहर लग गई है।
रेलवे बोर्ड ने इसके लिए NHSRCL (नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड) को अपनी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR - Detailed Project Report) में बदलाव करने के निर्देश दिए हैं।
इन्फ्लुएंस ज़ोन प्लान में बड़ा बदलाव
शुरुआती अड़चनों के बाद, केंद्र सरकार ने अब सराय काले खां को इस हाई-स्पीड कॉरिडोर में शामिल करने के लिए इन्फ्लुएंस ज़ोन प्लान (Influence Zone Plan) को संशोधित करने की सहमति दे दी है।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार, निजामुद्दीन-सराय काले खां मल्टीमॉडल ट्रांजिट हब के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति यात्रियों की संभावित संख्या (Footfall) और अन्य परिवहन साधनों के साथ इसके एकीकरण (Integration) की समीक्षा करेगी।
4 घंटे में दिल्ली से शिव की नगरी
लगभग 813 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर दिल्ली और वाराणसी के बीच की दूरी को महज 4 घंटे में समेट देगा। यह प्रोजेक्ट न केवल समय बचाएगा बल्कि उत्तर प्रदेश के आर्थिक गलियारे (Economic Corridor) को भी नई संजीवनी देगा।
भविष्य में इस नेटवर्क को द्वारका से जोड़ने की भी योजना है जिससे यह एक व्यापक नेशनल हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का हिस्सा बन जाएगा।
क्यों खास है सराय काले खां?
सराय काले खां आने वाले समय में दिल्ली का सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण ट्रांजिट पॉइंट होगा। यहाँ पहले से ही निम्नलिखित सुविधाएं मौजूद हैं या विकसित हो रही हैं:
-
ISBT: अंतरराज्यीय बस टर्मिनस।
-
मेट्रो: दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन।
-
RRTS: दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम।
-
रेलवे: हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की निकटता।
-
बुलेट ट्रेन: अब हाई-स्पीड रेल का स्टेशन।



